Haryana Weather Update: हरियाणा में ठंड का कहर जारी, इन 10 जिलों में कोल्डवेव का अलर्ट

Haryana Weather Update: हरियाणा में 10वें दिन भी कोल्डवेव का कहर जारी है। सोमवार रात को हिसार शहर मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 1.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने झज्जर, रोहतक, जींद, करनाल, भिवानी, फतेहाबाद, कैथल, सिरसा, हिसार और कुरूक्षेत्र में शीतलहर और पाले का अलर्ट जारी किया है।
रोहतक जिले में दिन में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। यहां अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हरियाणा में आगे भी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 20 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इस कारण पूर्वी हवाएं चलेगी, इस दौरान कोहरा छाने की संभावना है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर हरियाणा में भी देखने को मिलेगा।
बढ़ती ठंड सरसों के लिए खतरा
HAU के बावल के क्षेत्रीय केंद्र निदेशक डॉ. धर्मवीर यादव का कहना है कि यह मौसम गेहूं की फसल के लिए अच्छा है। जितनी अधिक ठंड पड़ेगी, गेहूं की फसल का अंकुरण उतना ही अच्छा होगा। हालांकि सरसों के लिए पाला खतरा बन सकता है। ऐसे में किसानों को सरसों में हल्की सिंचाई करनी चाहिए।