Cyclone Dana: ओडिशा के तट से आज रात टकराएगा चक्रवात ‘दाना, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

साइक्लोन दाना 24 अक्टूबर की देर रात करीब 2 बजे भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के पास लैंड होगा। इनके तट पुरी से लगे हुए हैं। भुवनेश्वर मौसम केंद्र के मुताबिक लैंडफॉल की प्रक्रिया 5 घंटे चलेगी। इस दौरान तूफान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा के उत्तरी हिस्से गुजरेगा।
इस तूफान की जद में 14 जिले हैं। इन जिलों के सभी स्कूल-कॉलेज की 25 तक छुट्टी की गई है। इन जिलों के 10 लाख लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। धमनगर, पाराद्वीप, राजनगर में भारी बारिश शुरू हो गई।
फिलहाल राज्य सरकार ने ओडिशा सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 2023 स्थगित कर दी है। सभी टूरिज्म पार्क, ओडिशा हाई कोर्ट 25 अक्टूबर तक बंद कर दिए हैं। ओडिशा ने नेशनल डिजास्टर रिलीफ फोर्स (NDRF), ओडिशा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (ODRF) और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात की हैं।
ओडिशा में 6 हजार राहत शिविर बनाए गए राज्य ने NDRF की अतिरिक्त टीमें भी मांगी हैं। इसके अलावा साउथ ईस्ट रेलवे ने 150, ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 198, ईस्टर्न रेलवे ने 190 ट्रेनें और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी ने बताया कि कोलकाता एयरपोर्ट पर 24 अक्टूबर शाम 6 बजे से 25 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक फ्लाइट्स कैंसिल रहेंगी।
ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया- करीब 6 हजार राहत शिविर बनाए गए हैं। पुरी में 3 हजार से ज्यादा पर्यटकों को वापस घर भेजा गया है और होटल बुकिंग अगले चार दिनों तक रोक दी गई है।
साइक्लोन दाना का 6 राज्यों में असर ओडिशा: ओडिशा के 30 में से 14 तटीय जिलों में तूफान का व्यापक असर होने की आशंका है। IMD ने 24 से 26 अक्टूबर तक अंगुल, नयागढ़, बालेश्वर, मयूरभंज, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, केंदुझार, जाजपुर, कटक और ढेंकनाल, खोरधा, गंजम और पुरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है।
24 अक्टूबर को पुरी, खुर्दा, गंजम और जगतसिंहपुर जिलों के लिए अलग-अलग भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बालेश्वर, मयूरभंज और जाजपुर में बहुत भारी बारिश (21 सेमी से ज्यादा) की आशंका है।
पश्चिम बंगाल: पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कोलकाता, हावड़ा, हुगली और झारग्राम में 23 से 24 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।
आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में भारी बारिश के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
कर्नाटक: तूफान के आने से पहले ही कर्नाटक में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बेगलुरु में एक अंडरकंस्ट्रक्शन बिल्डिंग गिरने से सात मजदूरों की मौत और छह घायल हो गए।
तमिलनाडु-पुडुचेरी: IMD ने दक्षिण भारत के तमिलनाडु और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में पांच दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।