Weather Forecast: हरियाणा में उत्तर- पश्चिमी हवाओं से मौसम में होगा बड़ा बदलाव, जानें कब होगी बारिश ?

कमजोर हुआ पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने आज 23 जनवरी को भी बारिश की संभावना जताई थी। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से बारिश नहीं हुई। सुबह के समय कई इलाकों में घनी धुंध छाई रही। लेकिन दिन चढ़ते ही सूबे के कई जिलों में तेज धूप नजर आई।
हवाओं के कारण फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का मानना है कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कमजोर पड़ने से अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। 24 जनवरी से उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रदेश में फिर से एक्टिव होंगी, इससे ठंड और बढ़ेगी। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट, शीतलहर के साथ कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति की संभावना बन रही है।
28 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम ?
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 28 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी व उत्तरपश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने से रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान अलसुबह और देर रात्रि कहीं कहीं धुंध छाने की भी संभावना है।