Haryana Weather Update: हरियाणा के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, 11 जिलों में धुंध का अलर्ट
हरियाणा में आज मौसम ने करवट ले ली है। पानीपत और सोनीपत में बरसात हो रही है। सुबह साढ़े 5 बजे से ही बिजली चमक रही थी। सुबह 6 बजे बारिश शुरु हो गई। मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने आज 11 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें हिसार, जींद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और चरखी दादरी शामिल है।
इस दौरान 8 से 10km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है। हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट आई है।
बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ेंगी
हरियाणा में अगर बारिश होती है तो किसानों की परेशानी बढ़ जाएगी। पिछले दिनों बारिश और ओलावृष्टि की वजह से 949 गांवों के 13 हजार किसानों की सरसों, चना, गेहूं और सब्जियों को नुकसान पहुंचा था। किसानों ने दावा किया है कि 64 हजार हेक्टेयर से ज्यादा खड़ी फसल खराब हो चुकी है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया है कि अभी ठंड से राहत दिखने के कोई आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में धुंध का दौर जारी रहेगा। बारिश के भी आसार बने हुए हैं। पहाड़ी हवाओं और धुंध के कारण आने वाले दिनों में भी तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी। 10 जनवरी के करीब मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश के आसार बन सकते हैं।